टॉप रेटेड सिंगिंग रियलिटी शो ‘सारेगामापा लिटिल चैंप्स‘ के सफलतम सीजन के बाद ज़ी टीवी अब एक और वीकेंड धमाका पेश करने जा रहा है। यह चैनल एक नया फॉर्मेट पेश कर रहा है, जिसका नाम है ‘इंडियाज़ बेस्ट जुड़वा’। इस शो में हमशक्ल जुड़वा लोगों के बीच खास रिश्तों को बड़े दिलचस्प अंदाज में पेश किया जाएगा। भारतीय टेलीविजन पर दो मशहूर जुड़वा भाइयों – रघु और राजीव की कंपनी मोनोज़ायगोटिक सॉल्यूशन्स प्रा. लि. इस शो का निर्माण कर रही है। टीवी के दिलकश एक्टर करणवीर बोहरा इस शो को होस्ट करेंगे, जो हाल ही में जुड़वा बेटियों के पिता बने हैं।

जुड़वा बेटियों के पिता होने के खुशनुमा एहसास से गुजर रहे करणवीर कहते हैं, ‘मेरी बेटियों ने मेरी जिंदगी में सकारात्मक बदलाव लाया है और उन्हीं के कारण मुझे यह मिला है। हालांकि आपके जुड़वा बच्चे होने का सबसे ज्यादा फायदा यह होता है कि वे आपको दोगुनी खुशी देते हैं। मेरी एक बेटी देवी लक्ष्मी है और दूसरी है सरस्वती देवी। आश्चर्य की बात यह है कि दोनों को एक ही समय पर भूख लगती है, दोनों एक ही समय पर सोने जाते हैं, और एक ही समय पर रोते और हंसते हैं। मैंने अभी इस शो की शूटिंग शुरू नहीं की है इसलिए मैं ज्यादा विस्तार से नहीं बता सकता लेकिन मैं जुड़वा लोगों के बारे में और ज्यादा जानना चाहता हूं।’
यह शो देश के जुड़वा बच्चों को मंच पर आकर अपने खास रिश्तों का प्रदर्शन करने का एक अभूतपूर्व अवसर देता है। तो आपस में गहरा रिश्ता रखने वाले सभी हमशक्ल जुड़वा बच्चे तैयार हो जाएं क्योंकि सबसे करीबी जुड़वा लोगों की तलाश शुरू हो चुकी है।
इस शो के डिजिटल ऑडिशन ज़ी टीवी की आधिकारिक वेबसाइट पर हो रहे हैं। इस चुनाव प्रक्रिया में तीन बातें महत्वपूर्ण हैं।
- आप अपनी कहानी या कोई घटना बताएं जहां आप दोनों के जुड़वा होने के आपको फायदे या नुकसान हुए हों।
- वह कौन सी बात है, जो आप और आपके जुड़वा को खास बनाती है?
- एक दूसरे के बारे में कोई पांच बाते बताएं जिसे आप पसंद और नापसंद करते हैं?
यह शो भारत के हमशक्ल जुड़वा लोगों पर केन्द्रित है जिसमें उनके बीच का रिश्ता, एक दूसरे के प्रति लगाव, उनकी समानताएं और उनकी जिंदगियों के कुछ दिलचस्प पहलू दिखाए जाएंगे।







Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.