आगरा। चोटी काटने की खबरों से दिल्ली, उत्तर प्रदेश जैसी कई जगहों पर दहशत है, और इसी के चलते आगरा जिले में एक महिला की हत्या कर दी गयी. यह महिला रात में घर के बाहर शौच के लिये गयी थी. तभी एक बच्ची ने महिला को देखकर शोर मचा दिया. शोर सुनते ही गांव वाले जुट गये, और लोग बिना कुछ सोचे समझे महिला को पीटने लगे. जिसकी वजह से महिला की जगह पर ही मौत हो गयी.
मामला आगरा के फतेहाबाद के मगटई गांव का है. मृतका महिला का नाम मान देवी है. बीती रात वह शौच के लिए घर से बाहर आई थी. अंधेरा ज्यादा होने की वजह से वह रास्ता भूल गई और बघेल समाज की बस्ती की तरफ पहुंच गई. वहां एक घर के दरवाजे पर एक लड़की सो रही थी. महिला की आहट से लड़की की आंख खुल गई.
बुजुर्ग महिला को देखते ही लड़की ने चीखना शुरू कर दिया. लड़की की चीख-पुकार सुनकर उसके परिजन और आसपास के लोग वहां जमा हो गए. लोगों ने महिला को देखकर समझा कि वह चोटी काटने आई है. जिसके चलते बिना कुछ सोचे-समझे ग्रामीणों ने वृद्ध महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी. इसी बीच कुछ लोगों ने उसे पहचान लिया.
मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी.इस घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया है. कई थानों की पुलिस फोर्स गांव में तैनात की गई है. पुलिस ने कुछ ग्रामीणों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.






Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.