केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री श्रीमती स्मृति जुबिन इरानी ने आज भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) 2017 आयोजित करने में किए गए प्रयासों और आईएफएफआई के अगले संस्करण में सुधार करने संबंधी विषयों पर सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता की।
श्रीमती इरानी ने समिति के सदस्यों को मंत्रालय द्वारा आईएफएफआई 2017 में मंत्रालय द्वारा उठाए गए विभिन्न कदमों औऱ पहलों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस समय सभी समितियों का पुनर्गठन किया गया और संचालन और पूर्वावलोकन समितियों का विस्तार किया गया। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि पहली बार आईएफएफआई ने आधिकारिक तौर पर टोरंटो और वेनिस फिल्म समारोह के साथ गठबंधन किया। अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में नौ मास्टर क्लास का आयोजन,197 फिल्मों का प्रदर्शन और 493 प्रतिनिधियों को आमंत्रण दिया गया।

Smriti Jubin Irani
बैठक के दौरान समिति के सदस्यों ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2017 आयोजन करने के प्रयासों की सराहना की और कहा कि फिल्म महोत्सव में क्षेत्रीय फिल्मों को अधिक प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने इस वर्ष फिल्मों के चयन और फिल्म जगत से जुड़ी हस्तियों के अधिक भागीदारी की भी सराहना की। उन्होंने सामाजिक रूप से जागरूक मुद्दों जैसे किसान फिल्म समारोह आदि आयोजित करने का प्रस्ताव भी रखा।
इस अवसर पर मंत्रालय की ओर से श्री अशोक कुमार परमार ने फिल्म महोत्सव, 2017 पर एक प्रस्तुति भी दी। समिति के सदस्यों को भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2017 आयोजित करने में संबंधित प्रयासों की जानकारी भी दी गई।
बैठक में सांसद श्री मनोज कुमार तिवारी, श्री विवेक गुप्ता, श्रीमती देव (मुनमुन सेन) वर्मा, श्री मधुसूदन मिस्त्री, डॉ. संजय जयसवाल ने भाग लिया। इस अवसर पर केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण सचिव श्री एन.के.सिन्हा और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।







Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.