7 दिसंबर 2019 कौशलेंद्र राज शुक्ला
कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को देश में बढ़ रहे हत्या और बलात्कार के मामलों पर केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका ने कहा कि केंद्र और यूपी सरकार रेप के आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं क्योंकि आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।
प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि ‘उन्नाव में पिछले 11 महीनों में 90 बलात्कार हुए हैं। सरकार को निर्णय लेना पड़ेगा कि वह महिलाओं के पक्ष में हैं या अपराधियों के पक्ष में हैं।’ उन्होंने यह भी कहा कि ‘सरकार का यह कर्तव्य है कि वह कानून व्यवस्था को कायम रखें।’ प्रियंका ने उन्नाव रेप केस पर भी कहा कि ‘यदि किसी महिला के साथ अत्याचार होगा और 4 महीने तक एफआईआर तक दर्ज नहीं की जाएगी, कोई कार्रवाई नहीं करेंगे और अपराधी को दो महीने में जमानत पर छोड़ देंगे, तो आप कानून व्यवस्था को लागू नहीं कर रहे हैं।
प्रियंका गांधी ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध पर कहा कि ‘हम पूरी तरह से महिलाओं के लिए लड़ेंगे और महिलाओं को सत्ता मिलनी चाहिए।’ उन्होंने देश की तमाम महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि ‘मैं अपनी बहनों से कहती हूं कि आप पुरूषों से सत्ता छीनिए। पंचायत व विधानसभा से चुनाव लड़िए, जिससे आपके हाथ में सत्ता आए।’ साथ ही उन्होंने कहा कि ‘कानून बहुत स्पष्ट है और निर्भया मामले के बाद कानून स्पष्ट बन गया था। फास्ट ट्रैक कोर्ट के प्रोविजन भी थे, लेकिन उन प्रोविजनों को लागू करने की जरुरत है।’
दरअसल 27 नवम्बर को हैदराबाद नेश्नल हाईवे 44 से एक वेटरिनरी डॉक्टर अपने घर की तरफ जा रही थी। इस दौरान उसकी स्कूटी खराब हो गई। कुछ लोग उसके पास आए और उसे मदद की पेशकश की। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ रेप कर, जिंदा जला दिया। इस घटना से पूरे देश में आक्रोश का माहौल बन गया। देशभर में डॉक्टर के जस्टिस के लिए लोगों ने प्रदर्शन किया। यहां तक कि न्याय के लिए संसद में बवाल तक हो गया।







Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.