पटनाः आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और उनके परिजनों के यहां मंगलवार को पड़े आयकर विभाग के छापे के बाद न केवल सियासी पारा गरम हो गया बल्कि बुधवार को आरजेडी और भाजपा कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़पें हुईं। पत्थरबाजी में छह लोग घायल हो गये तथा कई गाड़ियों के शीशे टूट गये। आयकर विभाग ने लालू यादव के ठिकानों पर बेनामी संपत्ति के मामले में छापे मारे थे।
आयकर विभाग के रेड के बाद आरजेडी कार्यकर्ताओं में काफी गुस्सा दिखा और उनका गुस्सा यहां के भाजपा कार्यालय में फूट पड़ा। पत्थरबाजी की गई जिसमें छह लोग घायल हो गये और कई गाड़ियों के शीशे टूट गये। जानकारी के मुताबिक आरजेडी कार्यकर्ताओं का एक समूह भाजपा कार्यालय पर लाठी डंडों के साथ पहुंचा और कार्यालय पर हमला कर दिया। साथ ही पथराव भी किया गया। इसमें गाड़ियों को क्षति भी पहुंची है। इसके बाद दोनों पक्ष भिड़ गये और हिंसक झड़पें हुई। इस झड़प में आम लोगों को भी चोटें आई हैं। भाजपा नेताओं का आरोप है कि आरजेडी कार्कर्ताओं की पुलिस सहायता कर रही है।
इस हिंसक झड़प के बाद भाजपा नेताओं ने वीरचंद पटेल पथ पर जाम लगा दिया। साथ ही भाजपा के लोग सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। भाजपा का कहना है कि आरजेडी के इस हमले में पार्टी के कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। इस घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई। आरजेडी प्रवक्ता मनोज झा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का आक्रोश स्वाभाविक है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने पथराव किया। उधर भाजपा नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि आरजेडी कार्यकर्ताओं को भाजपा दफ्तर में जाने की आवश्यकता ही क्या थी। उन्होंने कहा कि आरजेडी के हमले में आधा दर्जन भाजपा कार्यकर्ता घायल हुए हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं का खून बेकार नहीं जाएगा। हम इसका जवाब देंगे।







Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.