चंड़ीगढ़। डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को पंचकुला में सीबीआई अदालत ने बलात्कार के आरोपों के लिए दोषी ठहराया है। सजा की सुनवाई 28 अगस्त को होगी। अदालत के फैसले के बाद उनके समर्थकों ने कई जगहों पर आगजनी की। मीडिया की तीन ओबी वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस का भी इस्तेमाल किया।
आरोपी ठहराये जाने के बाद राम रहीम को सेना द्वारा सुरक्षात्मक हिरासत में ले लिया गया। इससे पहले गुरमीत राम रहीम सुबह सैकड़ों समर्थकों के साथ सिरसा से पंचकूला कोर्ट के लिए रवाना हुए थे। उनके काफिले की सुरक्षा के लिए अभूतपूर्व प्रबंध किये गये थे। राम रहीम के काफिले में करीब 800 कारें मौजूद थीं। हेलीकाप्टर और ड्रोन से भी निगरानी की जा रही थी। पिछले दो दिनों से हरियाणा, पंजाब और चंड़ीगढ़ में उनके समर्थकों के जमघट को देखते हुए 15,000 अर्द्धसुरक्षा बलों के अलावा पंचकूला में सेना को तैनात किया गया था। खासकर पंचकूला, सिरसा के साथ ही हरियोणा, पंजाब और चंड़ीगढ़ में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किे गये थे। हरियाणा और पंजाब के कई जिलों में इंटरनेट की सेवाएं बंद कर दी गई थीं। करीब दो दर्जन ट्रेनों को रद्द कर दिया गया था। बसों की आवाजाही भी ठप रही और कुछ इलाकों में कर्फ्यू लगाया गया।
अदालत में राम रहीम को दोषी ठहराये जाने के बाद उनके समर्थक भड़क गये। जानकारी के अनुसार मलोट रेलवे स्टेशन और एक पेट्रोल पंप को आग के हवाले कर दिया गया। मीडिया की तीन ओबी बैन को आग के हवाले कर दिया गया। दस लोगों के घायल होने की भी खबर है। अदालत के बाहर डेरा समर्थकों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई, पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। पंचकूला में सेना ने फ्लैग मार्च भी किया।
बलात्कार का आरोप लगाने वाली पीड़िता नाबालिग है इसलिए राम रहीम को न्यूनतम सजा की अवधि 7 साल हो सकती है, जिसे जीवन काल तक बढ़ाया जा सकता है। डेरा के 50 वर्षीय प्रमुख के खिलाफ मामले में अदालत का फैसला 14 साल बाद आया। सिंह ने आरोपों को गलत और निराधार बताते हुए अदालत से कहा है कि वह भौतिक संबंधों में संलग्न “सक्षम नहीं हैं”। गुरमीत राम रहीम दो अलग-अलग हत्या के मामलों में भी मुकदमों का सामना कर रहे हैं – जुलाई 2002 में डेरा के अनुयायी रणजीत सिंह और अक्टूबर में पत्रकार राम चंदर छत्रपति की हत्याओं का आरोप उन पर है।
Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.