अपारंपरिक प्रेम कहानी ‘बढ़ो बहू’ ने अपनी अनूठी सोच और कहानी से बहुत ही कम समय में दर्शकों का दिल जीत लिया है। लकी सिंह अहलावत की भूमिका निभा रहे प्रिंस नरूला ने इस शो के लिये एक नया वेश धारण करने की पूरी तैयारी कर ली है। जल्द ही प्रिंस चर्चित कलाकार चार्ली चैपलिन का किरदार निभाते नजर आयेंगे- वे उनके आदर्श हैं और वास्तविक जीवन में उनकी प्रेरणा भी। इस भूमिका में खुद को ढालने के लिये, प्रिंस ने पूरा वीकेंड चार्ली चैपलिन के कुछ सबसे बेहतरीन वीडियोज देखने में बिताया।
चार्ली चैपलिन का वेश धारण करने पर, प्रिंस नरूला ने कहा, ‘‘चार्ली चैपलिन कई लोगों की प्रेरणा रहे हैं- चाहे यह उनकी काॅमिक टाइमिंग के जरिये हो या फिर उनके अलग-अलग भाव जो वो अपने चेहरे पर लाया करते थे; मैं भी उन लोगों से अलग नहीं हूं। एक सीन में, लकी बढ़ो को हंसाने की कोशिश करता है और किसी के भी चेहरे पर मुस्कान लाने के लिये चार्ली चैपलिन से बेहतर एक्ट और क्या हो सकता था। शूट शुरू होने से पहले, मैंने चार्ली चैपलिन पर काफी कुछ ढूंढा और उनके ढेर सारे वीडियोज देखे। हालांकि, यह मुश्किल था, पर इस सीन की शूटिंग करना मजेदार रहा। मुझे उम्मीद है कि दर्शकों को मेरा चार्ली चैपलिन अवतार पसंद आयेगा।’’
‘बढ़ो बहू’ लकी सिंह अहलावत (प्रिंस नरूला) और कोमल उर्फ बढ़ो (रिताशा राठौर) की खट्टी-मीठी प्रेम कहानी है, जोकि दुर्घटनावश हुई शादी से शुरू होती है। हालांकि, लकी शुरू में बढ़ो से नफरत करता था, लेकिन अब धीरे-धीरे वह उसे पसंद करने लगा है। बढ़ो को खुश रखने के लगातार प्रयास के दौरान, लकी चार्ली का वेश बनाता है। वहीं, बढ़ो छोटू बुआ (जूही असलम) के लिये परेशान है, लकी एक प्यार करने वाले पति की तरह चार्ली चैपलिन का एक्ट करके उसे हंसाने की कोशिश करता है।
Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.