इस अवसर पर एक विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वच्छ भारत महात्मा गांधी का स्वप्न था जो अब 125 करोड़ भारतीयों को संकल्प बन चुका है। उन्होंने कहा कि पूरा देश इंदौर से प्रेरणा ग्रहण कर सकता है जिसे भारत में सबसे स्वच्छ शहर के पुरस्कार से नवाजा गया है। उन्होंने स्वच्छता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले तीन राज्यों-झारखंड, महाराष्ट्र एवं छत्तीसगढ़ की भी सराहना की।
प्रधानमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि किस प्रकार केंद्र सरकार भारत में शहरी बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। स्वच्छ भारत मिशन के अतिरिक्त, उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), स्मार्ट सिटी मिशन, अमृत, एवं दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार 2022 तक सभी के लिए आवास के विजन की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में लगभग 1.15 करोड़ घरों का निर्माण किया जा चुका है और 2022 तक लक्ष्य अर्जित करने के लिए लगभग 2 करोड़ और अधिक घरों का निर्माण किया जाना है। प्रधानमंत्री ने विकास के अन्य क्षेत्रों में हुई प्रगति का भी उल्लेख किया।
Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.