लॉस एंजिलिस- फ्रांस का शहर पेरिस 2024 में और अमेरिकी शहर लॉस एंजिलिस 2028 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने के लिए सहमत हो गए हैं। सितंबर में पेरू में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक परिषद (आइओसी) की बैठक में इस पर अंतिम मुहर लगेगी। 2020 ओलंपिक टोक्यो (जापान) में होंगे।

los angles, paris
पेरिस और लॉस एंजिलिस दोनों ही शहर 2024 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए पहले रेस में शामिल थे, क्योंकि अन्य देशों ने मेजबानी से नाम वापस ले लिया था। आइओसी ने बताया है कि अमेरिका ने 2028 ओलंपिक की मेजबानी के लिए आधिकारिक रूप से अपनी सहमति जताई है ऐसे में यह लगभग सुनिश्चित हो गया है कि 2024 ओलंपिक पेरिस में होंगे।
आइओसी के अध्यक्ष थॉमस बाक ने कहा, ‘आइओसी लॉस एंजिलिस ओलंपिक और पैरालंपिक कैंडिडेचर कमेटी के निर्णय का स्वागत करती है।’ लॉस एंजिलिस, पेरिस और लंदन दुनिया के तीन ऐसे शहर बन जाएंगे, जिन्होंने तीन बार ओलंपिक खेलों की मेजबानी की है। अमेरिका ने आखिरी बार 1996 में अटलांटा में ओलंपिक खेलों की मेजबानी की थी, जबकि पहली बार 1904 में सेंट लुइस में मेजबानी की थी।
लॉस एंजिलिस ने इससे पहले 1932 और 1984 ओलंपिक का आयोजन किया था। जबकि पेरिस ने 1900 और 1924 में मेजबानी की थी। लॉस एंजिलिस के मेयर एरिक गार्सेती ने कहा कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि ओलंपिक की अमेरिका में वापसी होने जा रही है।







Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.