फिल्म ‘सरफरोश’ में एक छोटी सी भूमिका से शुरुआत करने वाले अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने अपनी आगामी बायोपिक ‘मंटो’ तक एक लंबी यात्रा तय की है।

ये बहुमुखी अभिनेता अपने गंभीर अभिनय और लुक के लिए जाने जाते हैं। इनके साथ काम करने वाले कलाकार इनसे बातचीत शुरू करने से झिझकते हैं, जिसके पीछे वजह है गंभीर किरदारों वाला अब तक का इनका फिल्मों का सफर। लेकिन नवाजुद्दीन सिद्दीकी फिल्मों के अपने किरदारों से बहुत अलग हैं। जिन्होंने नवाज को करीब से जाना है या उनके साथ काम किया है, उनका कहना है कि वे बेहद मजाकिया, सरल और मिलनसार व्यक्ति हैं। वर्तमान में नवाज, नंदिता दास के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘मंटो’ में मंटो की भूमिका निभा रहे हैं और इस फिल्म में मंटो की पत्नी ‘साफिया मंटो’ की भूमिका निभाने वाली रसिका दुग्गल, नवाज की तारीफ करते नहीं थकतीं। शुरू में, जब रसिका को नवाज के साथ अपना पहला शॉट देना था, तो परदे पर गंभीर छवि वाले इस एक्टर के सामने वे कुछ नर्वस थीं। लेकिन नवाज, रसिका के अनुमानों के बिलकुल विपरीत निकले। नवाज सेट पर चुटकुले सुनाते हैं और माहौल को बिलकुल हल्का और सहज बनाने का प्रयास करते हैं।
“सेट पर नवाज और मैं बहुत हंसी-मजाक करते हैं। जिस तरह के उन्होंने रोल्स निभाये हैं और जैसी उनकी उपस्थिति है, उसके ठीक विपरीत वो एक मजेदार इंसान हैं। वो एक बेहद सपाट चेहरे के साथ मजाक करते हैं और कभी-कभी उलझन होती है कि क्या वाकई वो कुछ गंभीर कह रहे हैं या मेरी खिंचाई कर रहे हैं। ज्यादातर वो खिंचाई ही करते थे! मगर उनका अंदाज बदलते रहता था, इसलिए मुझे सावधान रहना पड़ता था” ऐसा रसिका ने कहा।







Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.