नई दिल्ली. पश्चिम बंगाल के आसनसोल में रामनवमी के बाद से शुरु हुई हिंसा थमने का नाम नहीं ले रहीं। अब तक कुल 5 लोगों की मौत हो चुकी है। इसी दौरान स्थानीय सांसद और केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने जब वहां के लोगों से बातचीत कर वहां का हाल चाल जानने की कोशिश की ,तभी पुलिस ने भी उन्हें जाने से रोका। बातचीत के दौरान पुलिस से भी उनकी झड़प हो गई। पुलिस और केंद्रीय मंत्री दोनों ने ही एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

सुप्रियो ने आरोप लगाया है कि वे हिंसा प्रभावित लोगों से बात कर रहे थे, इसी दौरान टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने पीड़ितों को धमकाना और गालियां देना शुरू कर दिया। इससे उन्हें गुस्सा आ गया। टीएमसी के कार्यकर्ताओं को रोकने के बजाय पुलिस उन्हें वहां जाने से रोक रही थी। उन्होंने कहा, ‘मेरे साथ मारपीट और धमकी देने वाले आईपीएस रुपेश कुमार के खिलाफ मैंने मामला दर्ज कराया है। मैं उन्हें कोर्ट ले जाऊंगा।’
इस बीच हिंसा के जारी रहने को देखते हुए दिल्ली में तीसरे मोर्चे की संभावना तलाशने गईं ममता बनर्जी शुक्रवार को कोलकाता पहुंचने पर सीधे राज्य सचिवालय पहुंचीं और अधिकारियों के साथ आपातकालीन बैठक की। इससे पहले गुरुवार को हुई हिंसा में सिब्तुल्ला और प्रतिमा देवी की मौत हो गई। सिब्तुल्ला के पिता और स्थानीय इमाम ने शांति बनाए रखने की अपील की है।

आसनसोल का संपर्क राज्य के अन्य हिस्सों से कटा हुआ है और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। इलाके में धारा 144 लगा दिया गया है। हर तरफ पुलिस और अर्द्धसैनिक बल के जवान नजर आ रहे हैं। राज्य में बच्चों के एग्जाम चल रहे हैं, इसको देखते हुए परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस बल को तैनात किया गया है।







Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.