टीवी के फेमस सीरियल ‘दीया और बाती हम’ में लीड कैरेक्टर सूरज के छोटे भाई छोटू की प्रेमिका आरजू का किरदार निभाकर चर्चा में आनेवाली खूबसूरत और टैलेंटेड अभिनेत्री प्राची तेहलान ने बाद में जब फिल्मों की ओर रुख किया, तो भले ही शुरुआती कदम बहुत ठोस नहीं पड़े, लेकिन पहली ही पंजाबी फिल्म में अपने अभिनय से उन्होंने लोगों का दिल जरूर जीत लिया।

यही वजह रही कि प्राची की पहली पंजाबी फिल्म ‘अरजन’ बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट नहीं रही, लेकिन प्राची की फिल्मी गाड़ी पटरी पर सरपट दौडऩे जरूर लगी है। छोटे और बड़े परदे में कोई भेद नहीं स्वीकारने के कारण जहां प्राची आज फिल्मों में भी काम कर रही हैं, वहीं छोटे परदे पर भी अपना रुतबा बरकरार रखा है।
प्राची कहती हैं, ‘अभिनय तो केवल अभिनय होता है, चाहे माध्यम और भाषा कोई भी क्यों न हो। एक कलाकार को दिए गए किरदार में केवल अपनी प्रतिभा का रंग भरना होता है। चूंकि, अभिनय की कोई भाषा नहीं होती, इसलिए मुझे हिंदी, पंजाबी या फिर साउथ इंडियन भाषाओं में भी काम करने में कोई परेशानी नहीं होती। मैंने शुरुआत छोटे परदे से की, तो अगला कदम पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में रखा। बहुत जल्द मेरी एक अन्य पंजाबी फिल्म ‘बेलारस’ रिलीज होनेवाली है, तो वहीं साउथ इंडियन फिल्म की शूटिंग भी शुरू हो चुकी है। इतना ही नहीं, स्टार प्लस पर जल्द शुरू होने वाले नए शो ‘इक्यावन’ में भी अहम भूमिका अदा करती नजर आने वाली हूं।’
एक्टिंग में कदम रखने से पहले भारतीय नेटबॉल टीम की कप्तान रह चुकी प्राची अपनी आनेवाली दूसरी पंजाबी फिल्म ‘बेलारस’ को लेकर कुछ ज्यादा ही उत्साहित हैं। आखिर, इस फिल्म में ऐसी क्या खास बात है, पूछने पर प्राची कहती हैं, ‘इसकी अनूठी कहानी, जो केवल दो लीड किरदारों के इर्दगिर्द घूमती है।’ प्राची आगे कहती हैं, ‘इस रोमांटिक फिल्म के लेखक ‘जट जेम्स बॉण्ड’, ‘बम्बुकट’, ‘रब दा रेडियो’, ‘साब बहादर’ जैसी फिल्में लिखने वाले जस ग्रेवाल ने लिखा है, जबकि इसके डायरेक्टर क्षितिज चौधरी हैं। इस फिल्म में मेरे अपोजिट पंजाबी फिल्मों के सुपरस्टार बिन्नू ढिल्लन हैं। जहां तक ‘बेलारस’ की कहानी की बात है, तो इसकी कहानी सोनाली नाम की एक युवती और जग्गा नामक एक युवा किसान की लवस्टोरी हैं। शिमला में रहनेवाली सोनाली एक सीधी-सादी मॉडल-एक्ट्रेस है, जिसके साथ परिस्थितियों ने कुछ ऐसा खेल खेला कि उसके सारे सपने अधूरे रह गए। वहीं उसकी मुलाकात माता-पिता विहीन युवा किसान जग्गा से होती है, जो अपनी दादी के साथ रहता है। दिल का बिल्कुल सच्चा जग्गा और सोनाली भले ही दो अलग-अलग बैकग्राउंड से हैं, लेकिन हालात इन्हें एक ऐसी राह पर ले आते हैं, जहो दोनों के मन में एक-दूसरे के प्रति स्नेह, लगाव और मोहब्बत पैदा हो जाती है। यानी, ‘बेलारस’ का कहानी दो बिल्कुल अलग स्वभाव और प्रकृति वाले युवक-युवती की अनोखी प्रेमकहानी है।’
खेल जगत में अमिट छाप छोडऩे के बाद अभिनय की दुनिया में कदम रखने वाली प्राची क्या अब स्पोट्र्स की दुनिया को मिस भी करती हैं, पूछने पर वह बताती हैं, ‘मिस तो करती हूं, लेकिन बहुत ज्यादा नहीं, क्योंकि सीरियल ‘दीया और बाती हम’ के जरिये ग्लैमर वल्र्ड से रिश्ता जुड़ा, तो फिर अब एक्टिंग की होकर रह जाना चाहती हूं। दरअसल, यह सबको पता है कि एक खिलाड़ी का करियर एक खास अवधि तक ही परवान चढ़ता है, उसके बाद उसे रोजी-रोटी की वैकल्पिक व्यवस्था करनी ही पड़ती है। यही वजह रही कि जैसे ही मुझे एक्टिंग का ऑफर मिला, मैंने देर किए बगैर उसे स्वीकार कर लिया। इसका एक बड़ा फायदा यह हुआ कि टीवी सीरियल के खत्म होते ही मुझे पंजाबी फिल्म ‘अरजन’ में काम करने का मौका मिल गया। और, उसके बाद से मेरे हिस्से में कई काम आ गए हैं।’
आज प्राची भले ही एक्टिंग को अपना फुल टाइम करियर बना चुकी हैं, लेकिन वह सह भी कहती हैं, ‘मेरी कभी अभिनेत्री बनने की इच्छा नहीं थी, लेकिन मेरी किस्मत मुझे एक्टिंग में ले आई। यह मेरे लिए एक मौका था, जिससे जीवन में कुछ नया करने की कोशिश कर सकती थी।’ पंजाबी सिने जगत में प्रवेश की बात याद करते हुए प्राची तेहलान बताती हैं, ’मैं डायरेक्टर मनदीप सर से फिल्म की कहानी सुनने के लिए स्टारबक्स में मिली और उसके तीन दिन बाद मैंने ‘अरजन’ फिल्म साइन की। मैंने जब मनदीप सर से अपने चयन के बारे में पूछा, तो उनका उत्तर था कि मुझे ऐसा लगा जैसे मेरी फिल्म का किरदार ही मेरे सामने बैठा है इसलिए मैंने तुम को फिल्म का मुख्य हीरो चुनने से पहले साइन किया। जब मैंने उनसे कहा, मुझे पंजाबी भाषा नहीं आती, तो उन्होंने कहा, मेरी आंखें और मुस्कुराहट पर्याप्त बातें करती हैं और मुझे विश्वास है कि फिल्म में तुम अपना किरदार बेहतरीन निभाओगी। उनके यह शब्द मेरे के लिए काफी थे।’
खुद को काफी क्विक लर्नर मानने वाली प्राची कहती हैं, ‘टीवी से ही मेरी एक्टिंग की असली लर्निंग हुई। एक तरह से यह मेरा ट्रेनिंग पीरियड रहा। डेली सोप की बारह से पंद्रह घंटे शूट करती थी। सात महीने लगातार शो के लिए काम किया। टीवी शो के दौरान कैमरे फेस करना, एक्सप्रेशन देना, डायलॉग कहना, मूड, इमोशन, एडी के साथ काम, लाइट्स-कैमरा-एंगल के मुताबिक पोज करने से लेकर हर चीज जानने का मौका मिला, जिसका फायदा अब फिल्मों में मिल रहा है। हालांकि, अपने किरदारों को जीवंत बनाने के लिए मैं कोई भी कसर बाकी नहीं छोड़ती। यही वजह है कि इन दिनों अपनी अगली दक्षिण भारतीय फिल्म के लिए मार्शल आट्र्स की ट्रेनिंग ले रही हूं, क्योंकि उसमें मुझे भरपूर एक्शन करना है।’ चर्चा है कि प्रियंका चोपड़ा की फिल्म प्रोडक्शन कंपनी पर्पल पेबब्लस ने भी प्राची तेहलान को अपने किसी नए प्रोजेक्ट के लिए अप्रोच किया है? पूछने पर प्राची भले ही आधिकारक तौर पर कुछ खुलासा नहीं करना चाहतीं, लेकिन उनके चेहरे पर आती मुस्कान और कनखियाती नजरें सकारात्मक चुगली जरूर करती हैं।’
प्राची नेटबॉल की इंटरनेशनल लेवल की प्लेयर रह चुकी हैं, इसलिए उनकी हाइट पर कोई उंगली नहीं उठा सकता। उन्हें खुद भी अपनी लंबाई पर नाज है। वह कहती हैं, ‘अकसर मुझे हाइट पर कॉम्पलिमेंट्स मिलते हैं, लेकिन जब कभी लोग मिलते हैं, तो हर किसी की अपनी-अपनी राय होती है। किसी को मेरी अपील दीपिका पादुकोण जैसी लगती है, तो किसी को हाइट पूजा बत्रा जैसी।’ हाइट को लेकर भले ही लोग प्राची को दीपिका पादुकोण और पूजा बत्रा जैसी अभिनेत्रियों की सूची में शुमार किया जाता हो, लेकिन खुद प्राची को बॉलीवुड में विद्या बालन की एक्टिंग बेहद पसंद है, जबकि वह प्रियंका चोपड़ा की तरह एक्टिंग की दुनिया में नाम कमाना चाहती हैं। प्राची कहती हैं, ‘जिस तरह प्रियंका चोपड़ा ने डार्क कॉम्पलेक्शन होने के बावजूद इंडस्ट्री में अपना नाम बनाया है, वैसा मुझे भी अपना नाम बनाना है।’







Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.