शो ‘कुमकुम भाग्य’ ने अपनी दिलचस्प कहानी और लीड जोड़ी अभि एवं प्रज्ञा की शानदार केमिस्ट्री से दर्शकों के दिलों पर हमेशा राज किया है। अब इस शो में लीड जोड़ी की जिंदगी में वह मोड़ आने वाला जिसका सभी को बेसब्री से इंतजार था। इस शो में मुंबई की एक मध्यम वर्गीय पंजाबी लड़की प्रज्ञा (श्रीति झा) की कहानी दिखाई गई जिसकी शादी एक अमीर परिवार के मशहूर रॉकस्टार अभि (शब्बीर अहलुवालिया) से होती है।

इस शो में जब से तकदीर इन दो प्रेमियों को जुदा कर देती है तब से ही दर्शकों को इनके दोबारा एक होने का इंतजार था। इस शो में पिछली बार हुए सबसे बड़े घटनाक्रम में अभि ने अपनी याददाश्त खो दी थी और उसे प्रज्ञा से अपनी शादी के बारे में कुछ भी याद नहीं रहता। इससे दर्शकों के दिलों में भी प्रज्ञा के लिए भावनाएं उमड़ती हैं क्योंकि प्रज्ञा को अपने जज्बात ताक पर रखकर अपनी मां के घर वापस लौटना पड़ता है।इसी बीच, आलिया और तनु इन दोनों को अलग करने की लगातार साजिश करते रहे। ऐसे में दर्शकों के मन में भी अभि और प्रज्ञा को दोबारा साथ देखने की उत्सुकता और बढ़ गई। तो अब यह इंतजार खत्म हुआ! ज़ी टीवी के कुमकुम भाग्य के सभी फैन्स के लिए इस शो में अब एक और महत्वपूर्ण मोड़ आ रहा है, जहां अभि और प्रज्ञा एक दूसरे के प्रति अपने प्यार का इजहार करेंगे और 19 जून से शुरू हो रहे सप्ताह में शादी कर लेंगे।
इस शो के आगामी ट्रैक के बारे में बताते हुए इसके लीड एक्टर्स श्रीति झा और शब्बीर अहलुवालिया ने कहा, ‘अब इस कहानी में एक बड़ा मोड़ आने वाला है। अंततः अभि और प्रज्ञा की जिंदगी में वो दिन आ ही गया जब वे एक दूसरे के प्रति अपना प्यार जाहिर करेंगे और एक जंगल में शादी कर लेंगे। दरअसल, इस दौरान कुछ गुंडे उन्हें मारने के लिए जंगल में उनका पीछा कर रहे होते हैं। उम्मीद है जंगल की सेटिंग में होने जा रही यह रोमांटिक शादी देखने में दर्शकों को मजा आएगा। हमें यकीन है कि भारतीय टेलीविजन पर इससे पहले कभी ऐसा नहीं दिखाया गया है।’ आने वाले एपिसोड्स में अभि और प्रज्ञा गुंडों से बचते हुए जंगल से भागने में कामयाब हो जाते हैं। रास्ते में उन्हें एक बूढ़ा आदमी रघुवीर मिलता है। रघुवीर उन दोनों को अपने घर ले आता है लेकिन दुर्भाग्य से गुंडे वहां भी पहुंच जाते हैं। क्या प्रज्ञा को रघुवीर के घर लाने के पीछे तकदीर का कोई खेल छिपा है? अभि और प्रज्ञा खुद को गुंडों से कैसे बचाएंगे और कैसे शादी के बंधन में बंधेंगे?







Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.