
कांग्रेस पार्टी ने सचिन पायलट को राजस्थान के उपमुख्यमंत्री पद से हटा दिया है। इसके अलावा उनके गुट के 3 मंत्रियों को भी अशोक गहलोत कैबिनेट से हटा दिया गया है। साथ ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद से भी पायलट की छुट्टी कर दी गई है। उनकी जगह गोविंद सिंह डोटसारा को नया प्रदेशाध्यक्ष घोषित किया गया है।पर्यवेक्षक बनाकर जयपुर भेजे गए रणदीप सिंह सुरजेवाला ने यह घोषणा की है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘भारतीय जनता पार्टी ने एक षड्यंत्र के तहत राजस्थान की आठ करोड़ जनता के सम्मान को चुनौती दी है। भाजपा ने कांग्रेस सरकार को अस्थिर कर गिराने की साजिश की। भाजपा धनबल और सत्ताबल से कांग्रेस पार्टी और निर्दलीय विधायकों को खरीदने की कोशिश कर रही है। सचिन पायलट भ्रमित होकर भाजपा के जाल में फंस गए और कांग्रेस सरकार को गिराने में लग गए। पिछले 72 घंटे से कांग्रेस आलाकमान ने सचिन पायलट और अन्य नेताओं से संपर्क करने की कोशिश की। कांग्रेस की तरफ से लगातार पायलट को मनाने की कोशिशें की गईं लेकिन उन्होंने हर बात को नकारा।’
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र से मिलने पहुंच गए हैं. यहां पर गहलोत मंत्रिमंडल में बदलाव की जानकारी देंगे, साथ ही विधायकों के समर्थन का पत्र भेजेंगे।







Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.