02 March 2020, Sahil Saini,
2012 के निर्भया गैंगरेप और हत्याकांड मामले में चारों दोषियों की फांसी पर दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने अगले आदेश तक के लिए रोक लगा दी है। पुराने डेथ वारंट के अनुसार सभी दोषियों को कल यानी मंगलवार सुबह छह बजे फांसी की सजा दी जानी थी। लेकिन कोर्ट के इस फैसले के बाद तीसरी बार दोषियों की फांसी टल गई है।
निर्भया गैंगरेप-हत्याकांड केस के चारों आरोपियों में से एक पवन कुमार गुप्ता की दया याचिका राष्ट्रपति के सामने लंबित होने की वजह से पटियाला हाउस कोर्ट ने चारों की फांसी पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। पटियाला हाउस कोर्ट में दोषी पवन ने याचिका दाखिल करके कहा कि उसकी दया याचिका राष्ट्रपति के पास लंबित है, इसलिए उसकी मंगलवार को होने वाली उसकी फांसी की सजा पर फिलहाल रोक लगाई जाए।
निर्भया केस में दोषी पवन गुप्ता की याचिका पर पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई हुई, जिसके बाद कोर्ट ने अगले आदेश तक फांसी पर रोक लगा दी है। अदालत ने 17 फरवरी को चारों दोषियों की तीसरी बार मौत का फरमान जारी किया था, जिसमें मुकेश कुमार सिंह (32), पवन कुमार गुप्ता (25), विनय कुमार शर्मा (26) और अक्षय कुमार सिंह (31) को फांसी देने की तारीख कल यानी तीन मार्च सुबह छह बजे तय की थी।







Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.