सोनी सब के आगामी फिक्शन शो ‘शंकर जय किशन-3 इन 1’ में कई मशहूर सितारे नजर आयेंगे। मशहूर अभिनेता केतन सिंह, दिग्गज अभिनेत्री असावरी जोशी और प्रतिभाशाली अदाकारा फलक नाज़ के बाद अब शो के साथ एक और चर्चित अभिनेत्री का नाम जुड़ गया है। बॉलीवुड अभिनेत्री चित्राशी रावत इस शो में प्रमुख महिला पात्र की भूमिका में नजर आयेंगी।

चित्राशी शो में सिम्पल कपूर का किरदार निभायेंगी। शो में उनकी जोड़ी लीड किरदार किशन (केतन सिंह) के साथ बनाई गई है। सिम्पल तीन कपूर बेटियों में सबसे छोटी है। इन तीनों से शंकर, जय और किशन की शादी होगी। अपने नाम के उलट सिम्पल की जिंदगी पूरी तरह से जटिल है। उसे लगता है कि हर चीज वैसी ही होनी चाहिये, जैसा वह चाहती है और इस चक्कर में सबकुछ उलट-पुलट करके रख देती है। उसे हमेशा अपने आस-पास के माहौल से शक होता रहता है और वह इस बारे में किशन से सवाल करती रहती है। इतना ही नहीं, वह एक जूडो एक्सपर्ट है और आप शंकर को हर मुसीबत की घड़ी में अपनी बीवी के पीछे छिपते देखेंगे।
चित्राशी ने बताया, ‘एक बार फिर से कॉमेडी शो का हिस्सा बनकर मुझे वाकई में बेहद खुशी हो रही है। सब पर एफआइआर के बाद मैं एक सही ब्रेक का इंतजार कर रही थी और मुझे यह रोल मिल गया। सिम्पल बिल्कुल मेरी तरह है। एक बेबाक लड़की, जो अपने मन की कोई भी बात कहने से हिचकिचाती नहीं है।’







Leave a Reply
You must be logged in to post a comment.